Kharsia: रॉबर्टसन स्टेशन मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे, विभागों के चक्कर में अटका सड़क निर्माण,4 साल से सड़क बदहाल, न सरपंच सुन रहे न PWD, गड्ढों के बीच सफर करने को मजबूर स्कूली बच्चे

Deepak Patail
Admin-
0
खरसिया। ग्राम चपले में रॉबर्टसन रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पिछले 3 से 4 वर्षों से अत्यंत जर्जर और बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह जानलेवा बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जो बारिश का पानी भर जाने के कारण तालाब का रूप ले लेते हैं।

अस्थाई मरम्मत भी बेअस

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन या संबंधित विभाग कभी-कभी गड्ढों को ढकने के लिए डस्ट या गिट्टी का पटाव करवा देता है, लेकिन हल्की सी बारिश होते ही यह बह जाता है। इसके बाद सड़क की हालत पहले से भी अधिक खराब हो जाती है। सड़क पर जमा काली डस्ट और पानी के कारण अक्सर राहगीर व दुपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

आवेदक अमन कुमार पटेल की शिकायत पर PWD का आधिकारिक जवाब, सड़क मरम्मत न होने का खुलासा।

छात्रों और राहगीरों के लिए बनी आफत

यह सड़क छोटी जरूर है, लेकिन बहुत महत्वपूर्ण है। इसी मार्ग से होकर नन्हे-मुन्ने बच्चे सरकारी स्कूल जाते हैं और प्रतिदिन दर्जनों छात्र-छात्राएं नवीन शासकीय कॉलेज पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा रॉबर्टसन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों का भी इसी रास्ते से रोज आना-जाना लगा रहता है। गड्ढों और कीचड़ के कारण छात्रों के कपड़े खराब हो जाते हैं और हर वक्त हादसे का डर बना रहता है।

जिम्मेदारी से झाड़ा जा रहा पल्ला

गांव में कई जनप्रतिनिधि और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद हैं, लेकिन स्थानीय सरपंच या बीडीसी (BDC) द्वारा इस ओर कोई ठोस ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यह सड़क SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के अंतर्गत आती है। वहीं दूसरी ओर, SECL प्रबंधन इसे ग्रामीणों की सड़क बताकर पल्ला झाड़ लेता है।

जवाबदेही तय न होने और विभागों के बीच खिंचाव के कारण भुगतना स्थानीय निवासियों को पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द इस सड़क का पक्का निर्माण कराने की पुरजोर मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।






Tags:

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)