रायगढ़ पुलिस का एक्शन: ट्रांसपोर्ट ऑफिस में तोड़फोड़ और डकैती डालने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार

Deepak Patail
By -
0

रायगढ़ | 28 अप्रैल, 2026 रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड क्षेत्र में 26 अप्रैल को हुई हिंसा और लूट के मामले में जूटमिल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश और एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी व सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने डकैती सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा है। कैदीमुड़ा निवासी 60 वर्षीय उपेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 अप्रैल की शाम ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय जाते समय रास्ते में खड़ी कार को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हुआ। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। जब वे जान बचाकर अपने ऑफिस पहुंचे, तो आरोपियों ने पीछा करते हुए ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। वहां मौजूद कर्मचारी बृजनंदन सिंह से मोबाइल छीन लिया गया और कैश काउंटर से हिसाब की डायरी व करीब 1.50 लाख रुपये लूटकर आरोपी फरार हो गए।

थाना प्रभारी जूटमिल, निरीक्षक अभिनव कांत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 143/26 के तहत BNS (2023) की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 324(4), 310(1) में मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने अपने फरार साथियों टिकम और किशन महंत के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया है।

शिवा पटेल उर्फ विक्की (32 साल), पिता नरेश पटेल, निवासी धनांगर पटेल मोहल्ला, थाना कोतरारोड।

सुखसागर सारथी उर्फ सागर (32 वर्ष), पिता पालु राम सारथी, वार्ड क्र. 05, धनांगर।

मनोज सारथी (35 साल), पिता गणेश सारथी, धनांगर गोड मोहल्ला।

लोकेश्वर साहु (30 वर्ष), पिता टीकाराम साहु, धनागर सड़कपारा।

गणेश दास महंत उर्फ नानु (40 वर्ष), पिता शौकी दास महंत, धनांगर देवलाश पारा।

आरोपियों के मेमोरेंडम पर केवल 370 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि लूट की अधिकांश राशि खर्च हो गई है और कुछ रुपये भागते समय रास्ते में गिर गए। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

एसएसपी का संदेश: "रायगढ़ में हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।"

Tags:

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)