Raigarh: चक्रधरनगर पुलिस की सराहनीय पहल, कमला नेहरू गार्डन के पास भटक रहे 4 वर्षीय मासूम को उसकी मां से मिलाया

Deepak Patail
Admin-
0
रायगढ़। जिले में रविवार रात चक्रधरनगर पुलिस की सतर्कता और मानवीय पहल से एक 4 वर्षीय मासूम बच्चा सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका। जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 8 बजे कमला नेहरू गार्डन के पास एक छोटा बच्चा अकेले और घबराई हालत में घूमता दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत चक्रधरनगर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लिया। बच्चा काफी डरा हुआ था और कुछ भी ठीक से नहीं बता पा रहा था। पुलिसकर्मियों ने उसे प्यार से समझाया और बातचीत कर जानकारी जुटाई। पूछताछ में बच्चे ने खुद को मिट्ठूमुड़ा क्षेत्र का रहने वाला बताया।

इसके बाद पुलिस टीम तत्काल बच्चे को लेकर मिट्ठूमुड़ा पहुंची और गली-मोहल्लों में उसकी पहचान कराने की कोशिश शुरू की। काफी तलाश के बाद पुलिस को बच्चे का 8 वर्षीय बड़ा भाई मिला। दोनों बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर टीम सीधे उनके घर पहुंची और मासूम को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।


काफी देर से लापता अपने बेटे को सुरक्षित देखकर मां भावुक हो गई। परिवार के लोगों ने चक्रधरनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यशैली की जमकर सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय पहल को सराहनीय बताया।
Tags:

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)